
बेंगलुरु, प्रेट्र। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार दो बांग्लादेशियों द्वारा भागने का प्रयास किए जाने पर उनके पैरों में गोली मार दी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान आरोपितों ने उस पर हमला कर भागने का प्रयास किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों की पहचान हृदोय और सागर के रूप में की गई है। दोनों की उम्र लगभग 20 साल के आसपास है।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों समेत चार लोगों को लेकर पुलिस घटना की जांच के लिए किराये के मकान में गई। इस दौरान इन दोनों ने पुलिस पर हमला कर भागने का प्रयास किया। दोनों के पैर में गोली मारकर उन्हें पकड़ लिया गया। फिलहाल सरकारी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है।
एक महिला के साथ क्रूरता और दुष्कर्म के आरोप में बेंगलुरु पुलिस ने गुरुवार को राममूर्ति नगर से छह अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार किया था। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो चुका है। सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फुट रहा है और आरोपितों के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की मांग हो रही है। वीडियो क्लिप और शुरुआती पूछताछ के आधार पर दुष्कर्म, हमला और कानून की अन्य धाराओं के तहत राममूर्ति नगर पुलिस स्टेशन में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। चूंकि पीडि़ता पड़ोस के राज्य चली गई है, इसलिए पुलिस की एक टीम को उसका पता लगाने के लिए भी भेजा गया, ताकि वह भी जांच में शामिल हो सके। अब तक मिली सूचना के अनुसार, ये सभी एक ही समूह के हैं और बांग्लादेश के रहने वाले हैं। पैसों के विवाद के कारण पीडि़ता के साथ दुष्कर्म किया गया और मारपीट की गई।