– असोथर नगर का ऐतिहासिक भरत मिलाप हुआ संपन्न

– चारों भाइयों का मिलन देख सजल हुए नयन

– विधायक विकास गुप्ता ने आरती करने के बाद निकाली गई झांकी

असोथर – फतेहपुर: नगर का ऐतिहासिक भरत मिलाप रविवार देर रात बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नई बाजार चौराहे पर रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों से सुशोभित मंच पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का मिलन हुआ तो उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा परिसर श्रीराम के जयकारे से गूंज उठा। नव युवक दल श्री रामलीला समिति और सेंगर परिवार सहित अन्य के सहयोग से भरत मिलाप का आयोजन किया गया। मेले में हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
बता दें कि नगर में आयोजित हुए भारत मिलाप के संवाद व दर्शन से लोग हर्षित होते रहे। लोगों में श्रीराम के साथ ही अन्य भाइयों का गुणगान होता रहा। मेले में लाग विमान व झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रंग-बिरंगे झालरों, विद्युत उपकरणों से दुल्हन की तरह सजे नगर की अलौकिक छटा को श्रद्धालु अपलक निहारते रहे। भरत मिलाप के उपरांत जनक नंदिनी सीता के साथ प्रभु श्रीराम अपने भाइयों के साथ नगर भ्रमण पर निकले तो उनके पीछे लाग-विमान का जत्था भी चल पड़ा। शोभायात्रा नई बाजार चौराहे पर पहुंची तो वहां भगवान की आरती की गई। इस दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
इस मौके पर थानाध्यक्ष नीरज यादव, उपनिरीक्षक आनंद सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान वेद प्रकाश सविता, नीरज सेंगर, पिंटू सिंह, बबलू राजपूत, अनिल पासवान, आदित्य अग्निहोत्री, पीयूष सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – सोनू वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *