- केंद्रीय राज्य मंत्री व विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
फतेहपुर: ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन में शहीद हुए अमर शहीद पैरा कमांडो शुभम सिंह का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। गांव क्षेत्र में शोक और गम का माहौल छा गया। हजारों की संख्या में लोग अमर शहीद को अंतिम विदाई देने पहुंचे। गमगीन माहौल में अमर शहीद शुभम सिंह अमर रहे व भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगते रहे। सेना के जवानों ने पार्थिव शरीर को गार्ड आफ ऑनर दिया और अंत में अमर शहीद का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया।
ज्ञात हो कि 4 अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन होने से पैरा कमांडो शुभम सिंह शहीद हो गए थे। मंगलवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मलवा विकास खंड क्षेत्र के मौहार गांव आया तो शोक का माहौल छा गया। पूरा वातावरण गमगीन हो गया, परिजन रो-रोकर बेहाल रहे। अमर शहीद की अंतिम विदाई में केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक जय कुमार जैकी, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक, जिलाधिकारी श्रुति, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख मलवा सुरेंद्र सिंह गौतम, पूर्व ब्लाक प्रमुख जितेंद्र सिंह गौतम व सैनिक शिव प्रकाश शुक्ला नसेनिया सहित कई लोग मौजूद रहे और अमर शहीद को अंतिम विदाई दी। सेना के जवानों ने पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंत में अमर शहीद का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हुआ। इस दौरान वहां मौजूद हजारों की संख्या में लोगों की आँखे नम रही।