- जिला कांग्रेस कमेटी ने युवाओं के लिए विशेष चुनावी घोषणा पत्र जारी कर प्रचार को दिया रफ्तार
- प्रियंका गांधी वाड्रा की विशेष प्लानिंग का चुनावी हिस्सा है “भर्ती विधान” घोषणा पत्र
- महिला के बाद छात्र एवं रोजगार मुख्य मुद्दा है कांग्रेस का
फतेहपुर: जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनावी रफ्तार को गति दिया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विगत दिवस कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने “भर्ती विधान” शीर्षक से युवाओं के लिये घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में युवाओं के लिये महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं।
शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष अखिलेश पांडे ने बताया कि इस भर्ती विधान घोषणापत्र में सरकार बनने पर 20 लाख रोजगार देने से लेकर छात्रसंघ बहाली तक के वादे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ की बहाली की जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में नौजवानों का जो भरोसा टूटा उसे बहाल करने के लिए एक जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा जिसमें भर्ती विज्ञापन, परीक्षा, नियुक्ति की तारीखें दर्ज होंगी। इसका उल्लंघन होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि घोषणा पत्र में सरकार बनने पर 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी जिनमें आठ लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे। प्राथमिक विद्यालयों के रिक्त 1050पद,1लाख प्रधानाध्यापकों,माध्यमिक विद्यालयों के 38 हजार रिक्त शिक्षक पद, उच्चशिक्षा व महाविद्यालयों में 8 हजार खाली पद भरे जायेंगे। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 19300 पद, सहायिकाओं के रिक्त 27100 पदों को भरा जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं के रोजगार के लिए नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। मल्लाह और निषादों के लिए विश्वस्तरीय संस्थान बनाया जाएगा। जिसमें उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। अति पिछड़े समुदाय के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 फ़ीसदी ब्याज की दर से कर्ज दिया जाएगा।
आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष के साथ शहर अध्यक्ष मोहसिन खान, यूथ जिला अध्यक्ष आकाश शुक्ला, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अभिषेक कश्यप, सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष विकास मिश्रा, सेवादल जिला अध्यक्ष अनुराग नारायण मिश्र, शिवाकांत तिवारी, बीरेंद्र सिंह चौहान, वीरेंद्र गुप्ता, निखिल द्विवेदी, अभय शुक्ला, अशोक दुबे, एमएल श्रीवास, रेहान, वलय दत्त बाजपेई, इकबाल नफीस, विनय द्विवेदी आदि लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर – शिव कुमार मौर्या