- अफवाहों पर लगा विराम, 4 प्रत्याशी हुए घोषित
- फतेहपुर सदर, अयाह शाह, हुसैनगंज व खागा (सु०) पर प्रत्याशी हुए रिपीट
- बिंदकी व जहानाबाद विधानसभा पर सबकी निगाहें टिकी
फतेहपुर: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने आज फिर से 85 प्रत्याशियों की घोषणा की है जिसके बाद घोषित प्रत्याशियों को राहत मिली तो अफवाह फैलाने वालों को मुंह की खानी पड़ी।
बताते चलें कि शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने एक और प्रत्याशी सूची जारी कर अफवाहों के बाजार पर विराम लगा दिया। इस घोषित सूची में फतेहपुर जनपद की 6 विधानसभा सीटों में से 4 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा हुई जिसमें वर्तमान के विधायकों को ही टिकट दिया गया है। टिकट की घोषणा होते ही प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। आज से पूर्व अफवाहों में बात करें तो खागा विधानसभा पर वर्तमान विधायक के टिकट कटने की चर्चा जोरों पर थी इतना ही नहीं फतेहपुर सदर के विधायक का टिकट भी कटना तय बताते हुए अफवाह फैलाई जा रही थी जिसके चलते सोशल मीडिया पर टिकट कटने की सूचना भी फैलाई जा रही थी लेकिन आज भाजपा की आधिकारिक घोषणा के बाद अफवाहों पर पूर्ण विराम सा लग गया है। आज जारी प्रत्याशी सूची में जनपद की 4 विधानसभा सीटों पर वर्तमान के भाजपा विधायकों को ही प्रत्याशी बनाया गया है जिसमें फतेहपुर सदर से विक्रम सिंह, अयाह शाह से विकास गुप्ता, हुसैनगंज से योगी कैबिनेट में राज्यमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह तथा खागा (सुरक्षित) से कृष्णा पासवान पर पुनः भाजपा ने भरोसा जताया है। वहीं बिंदकी विधानसभा पर अभी भी भाजपा की ओर से संशय बना हुआ है तथा जहानाबाद सीट जो कि वर्तमान में भाजपा के सहयोगी अपना दल के विधायक एवं योगी सरकार में राज्य मंत्री के पास काबिज है, पर भी संशय बरकरार है।
रिपोर्ट: अभिषेक गुप्ता