फतेहपुर : उद्योग व्यापार मंडल की संबंद्ध इकाई अल्लीपुर व्यापार मंडल की बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आगामी बीस अक्टूबर से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। वहीं व्यापारी प्रतिनिधियों को संगठन से जोड़कर व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण भी कराया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सत्यवान मिश्रा ने की। बैठक में व्यापार मंडल के कुनबे को बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी बीस अक्टूबर से कस्बे में सदस्यता अभियान चलाकर नए व्यापारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा। प्रथम चरण में दो सैकड़ा व्यापारियों को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि संगठन विस्तार सदस्यता अभियान के उपरान्त कस्बे से जुड़े समस्त ग्रामों, पुरवो में भी संगठन की इकाई गठित की जाएगी। इस अवसर पर संरक्षक सुरेश कुमार पटेल, डा. अजय कुमार, सत्येंद्र सिंह, शिव प्रसाद पटेल, शिवलखन सोनी, प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे।